उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव “अभ्युदय” का शनिवार की शाम भव्य समापन हुआ। इस समारोह में प्रदेशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, जो अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल रहीं।
800 विद्यार्थियों ने स्पर्धाओं में लिया भाग
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में आयोजित “अभ्युदय” उत्सव में प्रदेश के 800 विद्यार्थियों ने 22 विभिन्न विधाओं में आयोजित स्पर्धाओं में भाग लिया। समापन समारोह में पद्मश्री अवॉर्डी डॉ. भगवतीलाल राजपुरोहित और सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के कार्यपरिषद् सदस्य राजेश सिंह कुशवाह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिसकी अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने की।
अमीषा पटेल ने दिया संबोधन
अमीषा पटेल ने अपने संबोधन में कला को जीवन का सबसे बड़ा संबल बताते हुए कहा कि- कला इंसान को हर परिस्थिति में प्रोत्साहित करती है और आगे बढ़ने की शक्ति देती है। उन्होंने मध्यप्रदेश प्रशासन और सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि “अभ्युदय” जैसे आयोजन छात्रों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए एक अच्छी पहल है।
अभिनेत्री अमीषा ने अपने संघर्षों और फिल्मी करियर के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने उज्जैन की पावन मिट्टी और महाकाल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और युवाओं के विशेष अनुरोध पर अपनी सुपरहिट फिल्म “कहो ना प्यार है” की धुन पर नृत्य भी किया।


