खंडवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा की नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने ‘मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना’ के तहत प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹3,300 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
भगवान बलराम को समर्पित वर्ष 2026
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले के प्रगतिशील किसानों का सम्मान करते हुए उनके नवाचार, परिश्रम और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को भगवान बलराम को समर्पित ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, ताकि किसानों के सर्वांगीण विकास और कृषि समृद्धि को नई गति मिल सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता का विस्तार किया गया है। आधुनिक कृषि तकनीकों, सिंचाई परियोजनाओं और नवाचारी पहलों के कारण निमाड़ अंचल के किसान आज पहले से अधिक समृद्ध, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं।
उन्होंने दुग्ध उत्पादन को लेकर भी बड़ा लक्ष्य साझा करते हुए कहा कि वर्तमान में देश के कुल दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को नई गति देकर मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी दुग्ध उत्पादक राज्य बनाया जाएगा।
खंडवा के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने खंडवा में नई पुलिस बटालियन की स्थापना की घोषणा की। साथ ही मूंदी-खंडवा मार्ग के निर्माण कार्य को स्वीकृति देते हुए कहा कि 15 सितंबर से पहले इस परियोजना का टेंडर जारी कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर सिंचाई, मजबूत बाजार व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

