बड़नगर को सीएम यादव की बड़ी सौगात नायीखेड़ी से नागदा और रतलाम तक सड़क को दी स्वीकृति, इंदौर-उज्जैन महानर से जुडे़गा क्षेत्र

शेयर करे

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र को बड़ी विकास की सौगात देते हुए नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम सड़क परियोजना को स्वीकृति देने की घोषणा की है। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से बड़नगर और रतलाम के बीच की दूरी करीब 40 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार और परिवहन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
शनिवार को मुख्यमंत्री से उनके निवास समत्व भवन में उज्जैन जिले के बड़नगर विधानसभा क्षेत्र से आए नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नयीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक स्तर पर निरंतर प्रगति कर रहा है और मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि बड़नगर को अब इंदौर-उज्जैन महानगरीय क्षेत्र का हिस्सा बनाया जाएगा, जिससे शहरी विकास, निवेश और आधारभूत ढांचे के विस्तार की नई संभावनाएं खुलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़नगर क्षेत्र को महाकालेश्वर मंदिर, चंबल, शिप्रा और गंभीर नदियों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिससे यह क्षेत्र सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि धार जिले में देश के पहले प्रधानमंत्री मित्र वस्त्र उद्योग पार्क का भूमिपूजन किया गया है, जिससे वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और बड़नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र की गौशालाओं को नरवाई प्रबंधन के लिए मशीनें खरीदने हेतु स्वेच्छानुदान से आंशिक आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा उज्जैन और बड़नगर अब तीन प्रमुख मार्गों के माध्यम से रतलाम से जुड़ जाएंगे। प्रस्तावित तीसरा नया दो लेन मार्ग गंभीर बांध के पास से होते हुए नागदा मार्ग से रतलाम तक जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सड़क आगामी सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
सीएम यादव ने कहा कि उज्जैन में नए विमानतल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे बड़नगर और आसपास के क्षेत्रों की क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी तथा राजस्थान और गुजरात के साथ भी आवागमन सुगम बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें विकास का आधार होती हैं और इन नई परियोजनाओं से बड़नगर सहित पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और विकास के नए द्वार खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *