सागर । जिले से एक ऐसी खबर सामने आई जिससेे हर मां का कलेजा ही नहीं कंापा बल्कि घरेलू हिंसा को लेकर एक नई बहस को जन्म दिया है। रोज-रोज की पारिवारिक कलह के चलते धोनाई गांव में 27 वर्षीय रचना लोधी ने अपने ही दो मासूम बेटों के साथ फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर फॉरेंसिक जांच शुरू की है।
सागर जिले के अंतर्गत आने वाले रहली विधानसभा के धोनाई गांव में पारिवारिक कलह ने एक मां को इतना आहत कर दिया कि उसने प्राणघातक कदम ही नहीं उठाया बल्कि दो मासूमों को भी मौत के घाट उतार दिया। अपने ही दो मासूम बेटों को पहले फांसी के फंदे पर लटकाया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। मां और मासूम बेटों की मौत की खबर सुबह जैसे ही गांव में फैली, हर आंख नम हो गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय रचना लोधी के रूप में हुई है। उसके साथ जान गंवाने वाले बच्चों में पांच वर्षीय ऋषभ और महज दो साल का राम शामिल हैं।
दिल को झकझोर देने वाली यह घटना रहली थाना क्षेत्र के ग्राम धोनाई गांव की की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घर के पीछे बने एक कमरे में तीनों के शव रस्सी के फंदे पर झूलते मिले है। सुबह परिवार के सदस्य खेत से लौटे और जब कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को नीचे उतरवाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए शव
प्रारंभिक तौर पर घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि यह आत्महत्या है या किसी और कारण से मौत हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतका के भाई रविंद्र लोधी ने भी पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर डॉ। बसंत नेमा ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


