रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित नाइट क्लब के बाहर फायरिंग की घटना हुई। बता दें बार में काम करने वाले कर्मचारी जमुना सिंह बघेल को बियर बार के मालिक एलबी सिंह ने एक हवाई फायर करते हुए दो गोलियां मारीं। जिसमे कर्मचारी घायल हो गया। गंभीर हालत में कर्मचारी को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद पूरी घटना
यह घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। बार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद मालिक और कर्मचारी में बहस शुरू हो गई। इस दौरान दोंनो क्लब से बाहर निकल गए। बाहर निकलते ही क्लब के मालिक ने अचानक फायरिंग कर दी। उसने पहले हवाई फायर किया, उसके बाद दो गोली कर्मचारी को मार दी। गोली चलने से बार में अफरा-तफरी मच गई, आरोपी ने कुल तीन राउंड फायर किए थे। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस की हिरासत में आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अभी फायरिंग के कारणों और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।


