रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे।
इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया। यह आयोजन रायपुर, सरगुजा और बस्तर के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन वनांचल के खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना, प्रदेश में खेल आधारभूत संरचनाओं के निर्माण, खेलो इंडिया की केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन, खेल अकादमियों की गतिविधियों, खेल अलंकरण और युवा महोत्सव की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
इस प्रतियोगिता के तहत कुल 7 प्रतिस्पर्धात्मक और 2 प्रदर्शनात्मक खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की राजधानी रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, भारोत्तोलन, तैराकी और कबड्डी जैसे खेल खेले जाएंगे। सरगुजा में कुश्ती और मलखम्ब प्रदर्शन का प्रदर्शन होगा। बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अमेरिका के प्रतिभा कार्यक्रम अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हाल ही में आयोजित बस्तर ओलंपिक में एक लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकाश शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
25 मार्च से शुरू होंगे खेलो इंडिया जनजातीय खेल, देशभर के 2500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा


