हेल्थ | आजकल ज्यादातर लोग फिट रहने के लिए आसान और जल्दी असर दिखाने वाले तरीकों की तलाश करते हैं। खासकर जिन लोगों की सिटिंग जॉब होती है, उनका पोश्चर धीरे-धीरे खराब होने लगता है और शरीर की स्ट्रेंथ भी कम हो जाती है। ऐसे में महंगे डाइट प्लान या हर्बल ड्रिंक पर निर्भर होने की बजाय एक आसान एक्सरसाइज आपकी काफी मदद कर सकती है। रोजाना सिर्फ एक मिनट की प्लैंक एक्सरसाइज शरीर को मजबूत बनाने और फिटनेस सुधारने में कारगर साबित हो सकती है। कई फिटनेस ट्रेनर्स भी सोशल मीडिया पर इसके नियमित अभ्यास के फायदे बताते हैं।

क्यों जरूरी है प्लैंक एक्सरसाइज
अक्सर लोग फिटनेस का मतलब सिर्फ वजन कम करना समझते हैं, जबकि असली फिटनेस का संबंध शरीर की ताकत और संतुलन से होता है। लंबे समय तक बैठकर काम करने, कम फिजिकल एक्टिविटी और खराब पोश्चर की वजह से शरीर का कोर हिस्सा कमजोर होने लगता है। इसके कारण सांस जल्दी फूलना, हिप्स में जकड़न, लोअर बैक में दर्द और पेट की मांसपेशियों की कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। प्लैंक एक्सरसाइज कोर को मजबूत बनाकर इन समस्याओं को कम करने में मदद करती है।

रोजाना प्लैंक करने से मिलते हैं ये फायदे
अगर आप रोजाना प्लैंक करते हैं तो धीरे-धीरे शरीर में सकारात्मक बदलाव नजर आने लगते हैं। इससे कोर मसल्स मजबूत होती हैं, जिससे खड़े होने, चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करना आसान हो जाता है। प्लैंक करने से डीप कोर मसल्स एक्टिव होती हैं, पोश्चर बेहतर होता है और लोअर बैक को अच्छा सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा शरीर की सहनशक्ति बढ़ती है और सही तरीके से सांस लेने में भी मदद मिलती है।

प्लैंक करते समय इन गलतियों से बचें
प्लैंक करते समय सही तकनीक का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। एक्सरसाइज के दौरान सांस रोककर नहीं रखना चाहिए। हिप्स को बहुत ज्यादा ऊपर या नीचे नहीं झुकाना चाहिए और लोअर बैक को मोड़कर नहीं रखना चाहिए। गर्दन को नीचे गिराने या कंधों को ऊपर उठाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है।

शुरुआत करने वालों के लिए जरूरी टिप्स
अगर आप प्लैंक एक्सरसाइज पहली बार कर रहे हैं तो शुरुआत में ज्यादा देर तक होल्ड करने की कोशिश न करें। शुरुआती लोग पहले 30 सेकंड तक प्लैंक करें और चाहें तो दो राउंड में इसे दोहराएं। धीरे-धीरे अभ्यास बढ़ने पर समय भी बढ़ाया जा सकता है।

इन लोगों को प्लैंक से बचना चाहिए
हालांकि प्लैंक एक्सरसाइज आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन कुछ लोगों को इसे करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। जिन लोगों को लोअर बैक में चोट है, हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, हाल ही में पेट की सर्जरी हुई है या पोस्टपार्टम से जुड़ी जटिलताएं हैं, उन्हें यह एक्सरसाइज करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।


