इंदौर: इंदौर की विजयनगर पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपए के भूखंड सौदे में 60 लाख रुपए की बयाना राशि वापस नहीं करने के मामले में धोखाधड़ी की FIR दर्ज की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदा रद्द होने के बाद रकम ब्याज समेत लौटाने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में राशि वापस नहीं की गई।
पुलिस ने सुनील चौकसे की शिकायत पर पंकज पोरवाल, निवासी उषानगर एक्सटेंशन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
60 लाख रुपए दिए थे बयाने के तौर पर
पुलिस के मुताबिक, पंकज के पिता भेरूलाल पोरवाल ने इंदौर विकास प्राधिकरण की योजना के एक प्लॉट का सुनील चौकसे से सौदा किया था। अक्टूबर 2024 में दोनों पक्षों के बीच अनुबंध हुआ था।
सौदे के तहत सुनील ने 60 लाख रुपए बयाना दिया था। इसमें 50 लाख रुपए चेक के जरिए और 10 लाख रुपए नकद दिए गए थे। बाकी रकम प्लॉट की रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी। इसके लिए लक्ष्मण नगर गृह निर्माण संस्था का फॉर्म भी भरवाया गया था।
ये भी पढ़े सागर में घर से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद, करीब 4 करोड़ होने की आशंका
पिता की मौत के बाद अटका सौदा
अनुबंध के करीब चार महीने बाद भेरूलाल पोरवाल की मौत हो गई। इसके बाद प्लॉट की रजिस्ट्री और बाकी भुगतान को लेकर मामला अटक गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पंकज लगातार प्लॉट के आवंटन और रजिस्ट्री को लेकर टालमटोल करता रहा।
मार्च 2026 में दोनों पक्षों के बीच दोबारा अनुबंध किया गया। इसमें तय हुआ कि तीन महीने के भीतर प्लॉट का आवंटन नहीं होने पर 60 लाख रुपए की बयाना राशि 2 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस की जाएगी।
न प्लॉट मिला, न रकम वापस हुई
तीन महीने की तय अवधि पूरी होने के बाद भी प्लॉट का आवंटन नहीं हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद 60 लाख रुपए की बयाना राशि भी वापस नहीं की गई।
इसके बाद सुनील चौकसे ने डीसीपी जोन-2 को लिखित शिकायत दी। शिकायत की जांच के बाद विजयनगर पुलिस ने पंकज पोरवाल के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है।

