रामपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की तुलना रावण से की है। रामपुर में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से जेल में मिलने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ओवैसी पर यह तीखी टिप्पणी की।
अखिलेश बोले- रावण ने भी वेशभूषा बदली थी
सांसद ओवैसी पर पलटवार करते हुए कहा कि आपने हमने देखा है कि रावण भी वेशभूषा बदल करके, एक दिन के लिए वेशभूषा बदला था। रावण भी वेशभूषा बदल करके एक दिन के लिए सीता मां को अपने साथ उन्हें लेकर के गया था। और यहां तो इतने वर्षों से भेष-भूषा बदला हुआ है।
अखिलेश यादव की यह तीखी प्रतिक्रिया ऐसे वक्त में आई है जब AIMIM की यूपी इकाई के प्रवक्ता शादाब चौहान ने दावा किया था कि सपा चीफ डर की वजह से आजम से मिलने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सौरव दास-आशुतोष रांका को जमानत मिलने पर केजरीवाल बोले- ऐसे ही देश के लिए संघर्ष करते रहो पूरा देश आपके साथ है
शादाब के बयान पर किया पलटवार
शादाब चौहान ने एक बयान में कहा था- ओवैसी के दबाव में अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे हैं और चुनाव नजदीक आते ही उन्हें आजम खान की याद आई है। पार्टी ने आजम खान से मुलाकात को सियासी ड्रामेबाजी बताते हुए सवाल किया था कि अखिलेश यादव अब तक कितनी बार जेल में आजम खान से मिलने गए? AIMIM नेता ने कहा था कि अगर सैफई परिवार का कोई यादव जेल में होता तो अखिलेश आंदोलन करते।
पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान अब समझदार हो चुका है और अखिलेश की सियासी ड्रामेबाजी को समझ रहा है। AIMIM ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश 2027 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम वोटों पर सियासी डकैती नहीं डाल पाएंगे।
चौहान ने कहा- ओवैसी जनता के सामने अखिलेश यादव की पोल खोलते रहेंगे और उत्तर प्रदेश का मुसलमान अब उनके जाल में नहीं फंसेगा। AIMIM नेता ने यह भी कहा था कि अखिलेश यादव को ओवैसी का डर सता रहा है।

