कांग्रेस में एक बार फिर सामने आई अंदरूनी कलह ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पार्टी की असली लड़ाई आखिर किससे है-अपने ही नेताओं से या भाजपा से? पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव के आरोप, उनका कथित इस्तीफा और पार्टी द्वारा निष्कासन का दावा केवल एक व्यक्ति का विवाद नहीं, बल्कि संगठन के भीतर गहराते अविश्वास और असंतोष की तस्वीर पेश करता है।राकेश सिंह यादव ने प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने संगठन की कार्यशैली, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि अनुशासनहीनता के कारण उन्हें पार्टी से बाहर किया गया। सच चाहे जो भी हो, लेकिन यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
यह पहला अवसर नहीं है जब कांग्रेस के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए हों। इससे पहले भी कई वरिष्ठ नेता सार्वजनिक मंचों पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। यदि पार्टी के नेता मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त रहेंगे, तो जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने से पहले अपने घर को संभालने में ही असफल है। लोकतंत्र में असहमतियां स्वाभाविक हैं और किसी भी राजनीतिक दल में विचारों का मतभेद होना असामान्य नहीं। लेकिन जब संवाद की जगह सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप ले लेते हैं, तब संगठन की विश्वसनीयता कमजोर होती है। मतभेदों का समाधान पार्टी मंच पर होना चाहिए, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस और बयानबाजी के जरिए। मप्र में भाजपा लगातार मजबूत संगठन और बूथ स्तर की सक्रियता के दम पर चुनावी बढ़त बनाए हुए है। ऐसे समय में कांग्रेस यदि अपनी ऊर्जा आंतरिक संघर्ष में ही खर्च करती रही, तो विपक्ष के रूप में उसकी प्रभावशीलता और कमजोर होगी। आगामी नगरीय निकाय चुनाव और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियां संगठनात्मक एकजुटता की मांग करती हैं। कांग्रेस नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब विरोधियों से लड़ने की नहीं, बल्कि अपने नेताओं के बीच भरोसा कायम करने की है। यदि पार्टी समय रहते संवाद, अनुशासन और पारदर्शिता के बीच संतुलन नहीं बना सकी, तो यह सवाल और गूंजेगा कि, कांग्रेस आखिर लड़ किससे रही है, भीतरघातियों से या भाजपा से?
-मिलिंद ठाकरे

