ओंकारेश्वर: तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को संत दादा गुरु की पांचवीं निराहार नर्मदा परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। 125 दिनों तक चलने वाली इस कठिन आध्यात्मिक यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं के साथ मां नर्मदा की परिक्रमा का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी भी मौजूद रहे। परिक्रमा पूरी होने के बाद यात्रा का समापन ओंकारेश्वर में ही होगा।
आयोजन में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास सारंग, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक नारायण पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी भी मौजूद रहीं। दादा गुरु की इस अनूठी साधना को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं और संतों में उत्साह देखा गया।
भक्ति और आत्मसाधना का आधार है नर्मदा परिक्रमा
परिक्रमा के शुभारंभ अवसर पर दादा गुरु ने नर्मदा परिक्रमा के आध्यात्मिक महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, जीवन और आत्मसाधना का आधार है। इसे विश्व की सबसे बड़ी जीवंत आध्यात्मिक साधनाओं में से एक बताते हुए उन्होंने कहा, ‘चलते हैं तो साधना है और बैठते हैं तो आराधना है।’
उन्होंने भारतीय संस्कृति में तप, त्याग, सेवा और साधना की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋषि-मुनियों की तपस्या ही भारत की वास्तविक आध्यात्मिक पहचान है।
मुख्यमंत्री ने किया दादा गुरु की तपस्या का अभिनंदन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दादा गुरु के 125 दिवसीय निराहार परिक्रमा संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस महान आध्यात्मिक साधना को नमन करती है। मां नर्मदा की महिमा और ओंकारेश्वर की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने संतों की तपस्या को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि दादा गुरु का संकल्प समाज में आध्यात्मिक चेतना और श्रद्धा का संदेश देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति को नई पहचान मिलने की बात भी उन्होंने कही।
यह भी पढ़ें: दक्षिण कोरिया ने आसमान में उतारे फाइटर जेट, एयर डिफेंस जोन में घुसे रूस के कई सैन्य विमान, क्षेत्र में बढ़ी हलचल
125 दिन तक चलेगी निराहार परिक्रमा
महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी के अनुसार, दादा गुरु की यह परिक्रमा 125 दिनों तक चलेगी। इस दौरान निराहार रहकर साधना की जाएगी और यात्रा का समापन ओंकारेश्वर में होगा। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक साधना में भौतिक सुख-सुविधाओं से अधिक महत्व गुरु की वाणी और साधना के भाव का है। इसका उद्देश्य आत्मिक चेतना को जागृत करना और परमात्मा से जुड़ना है।

