भोपाल: छोला मंदिर थाना क्षेत्र की नवजीवन कॉलोनी में दो महीने की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 14 अगस्त को आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण और पोलियो की दवा पिलाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान लक्ष्मी पिता हलके राम (2 माह) के रूप में हुई है। वह नवजीवन कॉलोनी, छोला की रहने वाली थी। परिवार मूल रूप से सिरोंज का रहने वाला है। लक्ष्मी परिवार की इकलौती बेटी थी और उसका एक बड़ा भाई है।
टीकाकरण के बाद तबीयत बिगड़ने का दावा
परिजनों के मुताबिक, 14 अगस्त को लक्ष्मी को आंगनवाड़ी केंद्र ले जाया गया था। वहां उसे पोलियो की सात बूंद दवा पिलाई गई और टीकाकरण किया गया। परिवार का दावा है कि बच्ची को तीन इंजेक्शन भी लगाए गए।
परिजनों के अनुसार, आंगनवाड़ी से घर लौटने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान रविवार सुबह बच्ची ने दम तोड़ दिया।
पिता ने ओवरडोज का लगाया आरोप
बच्ची के पिता हलके राम ने आरोप लगाया कि दो महीने की बच्ची को पोलियो की सात बूंद दवा पिलाने के साथ तीन इंजेक्शन लगाए गए। उनका दावा है कि दवा के ओवरडोज के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
छोला मंदिर थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने टीकाकरण के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने की बात कही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्ची की मौत टीकाकरण या पोलियो की दवा से संबंधित थी या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करेगी।

