ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र के लाल टिपारा इलाके से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 22 सेकेंड के वीडियो में एक युवक पर बदमाश कट्टे की बट से हमला करता साफ नजर आ रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बिजली कनेक्शन काटने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब बिजली कंपनी की टीम इलाके में कनेक्शन काटने पहुंची थी। इसी दौरान कंपनी के कारिंदों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बिजली कंपनी की टीम मौके से रवाना हो गई थी। विवाद के कुछ देर बाद एक कार और बाइक पर सवार होकर छह बदमाश मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने पहुंचते ही स्थानीय लोगों से मारपीट शुरू कर दी और फायरिंग भी की गई। फायरिंग के बाद रवि शर्मा नामक युवक पर एक बदमाश ने कट्टे की बट से हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में कैद हुआ हमला
रवि शर्मा पर हुए इसी हमले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमले में रवि शर्मा घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वीडियो में बदमाशों की दबंगई और खुलेआम हथियारों का इस्तेमाल साफ देखा जा सकता है।
बिजली कंपनी पर गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला करने वाले बदमाश कुख्यात गैंगस्टर कपिल यादव के साथी हैं। वहीं रवि शर्मा का कहना है कि बिजली कंपनी के कर्मचारी स्थानीय लोगों को लगातार परेशान करते हैं और हर महीने बिल जमा करने के बावजूद कनेक्शन काटने पहुंच जाते हैं। घायल रवि शर्मा ने आरोप लगाया है कि बिजली कंपनी के कारिंदों ने ही बदमाशों को बुलवाकर उन पर हमला करवाया। इस मामले ने अब प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
यह मामला मुरार थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया है। सीएसपी मुरार सर्किल अतुल सोनी ने बताया कि- मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


