भोपाल। वैश्विक संकट और इजराइल-ईरान युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील अब राजनीतिक गलियारों में भी असर दिखाने लगी है। मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ने पदभार ग्रहण करने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल कर एक अलग संदेश देने की कोशिश की।
ई-रिक्शा से भाजपा कार्यालय पहुंचे सत्येंद्र भूषण सिंह
बता दें सत्येंद्र भूषण सिंह मंगलवार को भोपाल के अवधपुरी स्थित अपने निवास से बैटरी चलित ई-रिक्शा में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। उनका यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की ‘संयमित ईंधन उपयोग’ अपील से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं राजनीतिक हलकों में इसे सिंबॉलिक लेकिन पॉजिटिव मैसेज माना जा रहा है, जहां नेताओं से भी सादगी और जिम्मेदारी दिखाने की उम्मीद की जा रही है।
PM मोदी ने क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित भाजपा रैली में कहा था कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए देशवासियों को पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करना चाहिए। उन्होंने लोगों से मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने, वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने और संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की थी।
वैश्विक संकट का भारत पर असर
इजराइल-ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, ऐसे में ईंधन बचत और वैकल्पिक संसाधनों पर जोर देने की रणनीति को अहम माना जा रहा है।

