लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। सपा नेता पवन पांडेय ने इस प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी है।
अयोध्या दौरे की शुरुआत हनुमानगढ़ी में दर्शन से होगी
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव अपने अयोध्या दौरे की शुरुआत हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ करेंगे। इसके बाद वे राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।
सपा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद रहेंगी।
अखिलेश यादव का यह प्रस्तावित दौरा राजनीतिक और धार्मिक, दोनों ही नजरियों से चर्चा में है। अब सभी की नजरें 12 दिसंबर को होने वाले इस दौरे पर टिकी हैं।
भाजपा ने उठाए सवाल
बता दें कि अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव के लिए कई तरह की बातें की जा रही है। भाजपा लगातार उन पर रामलला के दर्शन को लेकर सवाल खड़े कर रही है। चूंकि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से सपा प्रमुख अब तक रामलला के दर्शन के लिए मंदिर नहीं आए हैं। ऐसे में भाजपा लगातार उन पर हमलावर है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, AQI 382 पार, स्कूलों को ऑनलाइन क्लास के निर्देश, वर्क फ्रॉम होम पर विचार
अखिलेश ने कहा, तारीख तय कर लो
हालांकि अखिलेश ने इस पर अपना रुख साफ कर चुके हैं। बीते 8 अक्टूबर को उन्होंने अयोध्या में आयोजित कथा में मौजूद पवन पांडेय की ओर इशारा करते हुए कहा कि तारीख तय कर लो, सभी विधायक और सांसदों के साथ रामलला के दर्शन करेंगे।

