भोपाल। मप्र मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र की अपील पर तुरंत अमल करते हुए अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। पहले मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहन चलते थे, जिन्हें घटाकर अब 8 कर दिया गया है। फैसले के अगले ही दिन मुख्यमंत्री के छोटे काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मुख्यमंत्री के कारकेड में पहले की तुलना में काफी कम वाहन शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नरसिंहपुर दौरे पर रवाना हुए तो उनके काफिले में केवल जरूरी गाड़ियां ही नजर आईं।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और जरूरत पड़ने पर ही वाहनों का उपयोग करने की अपील की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार राष्ट्रहित में ईंधन की खपत कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के लिए जरूरी न्यूनतम वाहन ही काफिले में शामिल किए जाएंगे और क्षेत्रीय दौरों के दौरान वाहन रैलियों से भी परहेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य के मंत्रियों से भी कम गाड़ियों के इस्तेमाल की अपील की है। साथ ही आम जनता से सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने का आग्रह किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग का भी आह्वान किया है।

