हेग। PM मोदी अभी नीदरलैंड को दौरे पर है। जहां हेग शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह देखकर पीएम मोदी ने कहा कि कुछ पल के लिए उन्हें महसूस ही नहीं हुआ कि वह विदेश में हैं। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल किसी भारतीय उत्सव से कम नहीं था।
16 मई ने बदल दी थी देश की राजनीति
वहीं अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 16 मई की तारीख को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का अहम दिन बताते हुए कहा कि 16 मई 2014 को आए लोकसभा चुनाव परिणामों ने देश को दशकों बाद एक मजबूत और स्थिर सरकार दी थी। पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों भारतीयों का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही विश्वास उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।
भारतीय संस्कृति की ताकत पर दुनिया को संदेश
साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ कमजोर पड़ गईं, लेकिन भारत की संस्कृति आज भी उतनी ही जीवंत और प्रभावशाली है। उन्होंने भारतीय परिवार व्यवस्था, परंपराओं और संस्कारों को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे भारतीयों ने अपनी भाषा, त्योहार और संस्कृति को जीवित रखकर भारत की पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है।
आप सिर्फ प्रवासी नहीं, भारत के सांस्कृतिक दूत हैं- पीएम
संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड में रह रहे भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि वे सिर्फ प्रवासी भारतीय नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और मूल्यों के प्रतिनिधि हैं। भारतीय समुदाय ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से नीदरलैंड की अर्थव्यवस्था और समाज में खास पहचान बनाई है।
वहीं प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नीदरलैंड के संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, कृषि और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही नीदरलैंड सरकार और वहां के नागरिकों का भारतीय समुदाय को सम्मान और अवसर देने के लिए धन्यवाद भी दिया।

