Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपेट्रोल में 31.2% तक एथेनॉल मिलने का दावा, राहुल गांधी ने सरकार...

पेट्रोल में 31.2% तक एथेनॉल मिलने का दावा, राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, तेल कंपनियों ने रिपोर्ट को बताया गलत

नई दिल्ली: पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर देश में नया विवाद खड़ा हो गया है। कर्नाटक सरकार की ओर से किए गए परीक्षण में कुछ पेट्रोल नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत से कहीं अधिक मिलने का दावा किया गया है। एक नमूने में यह मात्रा 31.2 प्रतिशत तक बताई गई है। इस रिपोर्ट के सामने आते ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद के अनुसार, राज्य के सात जिलों से पेट्रोल के नमूने एकत्र किए गए थे। इनमें बेंगलुरु, कोलार, चिक्कबल्लापुर, बेंगलुरु ग्रामीण, रामनगर, मंगलुरु और तुमकुरु शामिल हैं।

जांच में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

कर्नाटक सरकार के मुताबिक, बेंगलुरु स्थित एक मान्यता प्राप्त रिसर्च इंस्टीट्यूट में इन नमूनों की जांच कराई गई। रिपोर्ट में इंडियन ऑयल के एक नमूने में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक नमूने में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिलने का दावा किया गया है।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

राहुल गांधी ने इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए पेट्रोल की गुणवत्ता और करोड़ों वाहन चालकों के हितों को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने पर वाहनों के माइलेज, इंजन के प्रदर्शन और लंबे समय में इंजन की लाइफ पर सीधा असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से जवाब मांगा है कि जनता को बिना बताए उसके साथ खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है?

क्या है E20 पेट्रोल?

E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। भारत में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का उद्देश्य पेट्रोल के आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना है। सरकार के मुताबिक, इससे विदेशी मुद्रा की बचत होती है और प्रदूषण भी कम होता है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड पुलिस को 25 साल की सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस निशान, अमित शाह ने किया सम्मानित

तेल कंपनियों ने किया दावों का खंडन

दूसरी ओर तेल कंपनियों ने कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट को सिरे से नकार दिया है। कंपनियों का कहना है कि उनके परीक्षणों में पेट्रोल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया है। कंपनियों ने नमूनों की जांच प्रक्रिया और तरीके को लेकर भी आपत्ति जताई है।

अब इस मामले में केंद्र सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों की भूमिका अहम होगी। यदि निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने की पुष्टि होती है तो पेट्रोल की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन