ढाका। बांग्लादेश में इस बार बकरीद से पहले पशु बाजारों में एक अलग ही आकर्षण देखने को मिल रहा है। यहां दो सफेद एल्बिनो भैंसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गए हैं। इन भैंसों की खासियत सिर्फ उनका विशाल आकार नहीं, बल्कि उनके नाम और लुक्स हैं। जिनकी तुलना दुनिया के दो बड़े नेताओं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से की जा रही है।
इन दोनों भैंसों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। लोग इन्हें देखने के लिए फार्म तक पहुंच रहे हैं और इनके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।
‘डोनाल्ड ट्रंप’ बना आकर्षण का केंद्र
सूत्रों के मुताबिक, ढाका के पास नारायणगंज स्थित एक फार्म में मौजूद 700 किलो वजनी सफेद भैंसा इन दिनों इंटरनेट स्टार बन चुका है। इसके सिर पर मौजूद हल्के सुनहरे और घने बालों को देखकर लोगों ने इसकी तुलना डोनाल्ड ट्रंप के हेयरस्टाइल से करनी शुरू कर दी। इसी वजह से फार्म मालिक ने मजाक-मजाक में इसका नाम डोनाल्ड ट्रंप रख दिया।
https://www.instagram.com/reel/DYePpapPNV8/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली नजर में यह भैंसा बेहद यूनिक लगता है और उसका फेस कट भी काफी अलग दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग इसे ‘VIP Buffalo’ और ‘Celebrity Buffalo’ तक कह रहे हैं।
फार्म पर पहुंचे कई लोगों ने बताया कि भैंसे का अंदाज और उसके बाल देखकर उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति की याद आ गई। एक महिला विजिटर ने मीडिया से बातचीत में कहा, जब मैंने पहली बार इसकी तस्वीर देखी, तो मुझे लगा जैसे यह सच में डोनाल्ड ट्रंप की कॉपी हो। हालांकि यह भैंसा बहुत शांत है।
फार्म मालिक जियाउद्दीन मृधा के मुताबिक, यह एल्बिनो भैंसा करीब 10 महीने पहले एक पशु बाजार से खरीदा गया था। उन्होंने बताया कि परिवार के एक सदस्य ने मजाक में इसका नाम ट्रंप रख दिया और फिर यही नाम वायरल हो गया।
750 किलो का ‘नेतन्याहू’ भैंसा
नारायणगंज में ही एक और सफेद एल्बिनो भैंसा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसका वजन 750 किलो से ज्यादा बताया जा रहा है और इसका नाम ‘नेतन्याहू’ रखा गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसकी आंखों और बालों का स्टाइल इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिलता-जुलता लगता है।
हालांकि ट्रंप नाम वाले भैंसे के उलट, यह भैंसा काफी आक्रामक स्वभाव का बताया जा रहा है। फार्म स्टाफ के अनुसार, इसके पास जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरती जाती है।
सोशल मीडिया पर मीम्स और वीडियो की बाढ़
इन दोनों भैंसों को लेकर सोशल मीडिया पर मजेदार मीम्स, रील्स और वीडियो की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स इन्हें “Political Buffaloes” कह रहे हैं, तो कुछ लोग इनके हेयरस्टाइल और एक्सप्रेशन पर फनी कमेंट कर रहे हैं। बकरीद से पहले इन भैंसों ने ऑनलाइन दुनिया में ऐसा क्रेज बना दिया है कि कई कंटेंट क्रिएटर्स सिर्फ इन्हें शूट करने के लिए फार्म पहुंच रहे हैं।
क्या होता है एल्बिनो भैंसा?
एल्बिनो भैंसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं। इनके शरीर में पिगमेंट की कमी होने के कारण इनका रंग सफेद या हल्का क्रीम दिखाई देता है। आम भैंसों की तुलना में इनका लुक काफी अलग और आकर्षक होता है, यही वजह है कि लोग इन्हें देखने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।

