इटली। भारत की सॉफ्ट पावर एक बार फिर ग्लोबल मंच पर चमकी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी यूरोप यात्रा के दौरान विदेशी नेताओं को ऐसे खास भारतीय तोहफे भेंट किए, जिनमें देश की संस्कृति, परंपरा, हस्तशिल्प और लोक विरासत की खूबसूरत झलक दिखाई दी। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने के बाद पीएम मोदी ने दो बेहद खास शॉल भी भेंट किए, जिनकी चर्चा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर हो रही है।
मेलोनी को मिले दो खास शॉल
जानकारी अनुसार, पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को मणिपुर की दुर्लभ शिरुई लिली से प्रेरित एक खूबसूरत सिल्क शॉल भेंट किया। यह शॉल न सिर्फ पूर्वोत्तर भारत की प्राकृतिक सुंदरता का प्रतीक है, बल्कि भारत की पारंपरिक बुनाई कला की शानदार मिसाल भी माना जा रहा है। शिरुई लिली दुनिया का एक बेहद दुर्लभ फूल है, जो सिर्फ मणिपुर की पहाड़ियों में ही पाया जाता है।

इसके अलावा पीएम मोदी ने मेलोनी को असम के प्रसिद्ध मूगा सिल्क से बना एक गोल्डन शॉल भी गिफ्ट किया। ‘गोल्डन सिल्क ऑफ इंडिया’ के नाम से मशहूर मूगा रेशम अपनी नैचुरल चमक और शाही बनावट के लिए दुनियाभर में पहचाना जाता है। यह गिफ्ट भारत की टेक्सटाइल विरासत और पूर्वोत्तर की समृद्ध कला संस्कृति का प्रतीक बन गया।

इटली के राष्ट्रपति को मिला भारतीय संगीत विरासत का तोहफा
वहीं इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला को पीएम मोदी ने संगमरमर की नक्काशी वाला एक विशेष बॉक्स भेंट किया, जिसमें भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज कलाकारों भीमसेन जोशी और एम.एस.सुब्बुलक्ष्मी की ऑडियो सीडी शामिल थीं। यह गिफ्ट भारतीय संगीत और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक माना जा रहा है।

UN के FAO प्रमुख को दिए ‘भारत के सुपरफूड’
संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के महानिदेशक क्यू डोंगयु को पीएम मोदी ने भारत के हेल्दी मिलेट बार गिफ्ट किए। बाजरा और ज्वार से बने ये मिलेट बार भारत के ‘श्री अन्न’ अभियान और किसानों की मेहनत का प्रतीक माने जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें भारत के अलग-अलग राज्यों के प्रीमियम चावलों का एक विशेष बॉक्स भी भेंट किया गया, जिसमें बासमती, गोबिंदोभोग, जोहा और कालानमक जैसे सुगंधित चावल शामिल थे। यह गिफ्ट भारत की कृषि विविधता और पारंपरिक खेती मॉडल को दुनिया के सामने पेश करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

नीदरलैंड के शाही परिवार को मिला राजस्थान का रॉयल आर्टवर्क
नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा को पीएम मोदी ने जयपुर की प्रसिद्ध ब्लू पॉटरी और कुंदन-मीनाकारी ज्वेलरी गिफ्ट की। राजस्थान की यह पारंपरिक कला भारतीय शिल्पकला की वैश्विक पहचान मानी जाती है।

‘गिफ्ट डिप्लोमेसी’ से भारत ने दिखाई अपनी सॉफ्ट पावर
बता दें पीएम मोदी की यह पूरी गिफ्ट डिप्लोमेसी सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक ताकत को दुनिया के सामने पेश करने की रणनीति मानी जा रही है। हर गिफ्ट में भारत की मिट्टी, लोक कला, किसानों की मेहनत और पारंपरिक विरासत की कहानी छिपी हुई थी। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी इन गिफ्ट्स की जमकर चर्चा हो रही है।

