दिल्ली। सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है, वह है Cockroach Janata Party (CJP)। व्यंग्य और डिजिटल सटायर के अंदाज में शुरू हुआ यह ऑनलाइन मूवमेंट अब एक बड़े सोशल मीडिया ट्रेंड में बदल चुका है। लेकिन इसी बीच बड़ा घटनाक्रम तब सामने आया, जब CJP का आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया।
हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। अकाउंट ब्लॉक होने के कुछ घंटों के भीतर ही संगठन ने नए X हैंडल के साथ वापसी कर ली और एक के बाद एक पोस्ट कर पूरे विवाद को फिर से वायरल बना दिया।
भारत में क्यों ब्लॉक हुआ अकाउंट?
पुराने X अकाउंट पर अब ‘Account Withheld in India’ का नोटिस दिखाई दे रहा है। प्लेटफॉर्म की ओर से बताया गया कि कानूनी मांग के बाद भारत में इस अकाउंट की पहुंच सीमित की गई है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि कार्रवाई किस शिकायत या किस एजेंसी के निर्देश पर की गई।
सोशल मीडिया पर इस फैसले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि व्यंग्य के नाम पर डिजिटल नैरेटिव बनाया जा रहा था।
क्या है Cockroach Janata Party?
कॉकरोच जनता पार्टी खुद को किसी राजनीतिक दल की बजाय एक डिजिटल सटायर मूवमेंट बताती है। इसका मकसद सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की बेरोजगारी, सिस्टम से नाराजगी और राजनीतिक कटाक्ष को व्यंग्यात्मक अंदाज में सामने लाना बताया जा रहा है।
इस मूवमेंट की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर सुप्रीम कोर्ट की एक कथित टिप्पणी वायरल हुई, जिसमें बेरोजगार युवाओं को लेकर ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल का दावा किया गया। हालांकि उस टिप्पणी को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई, लेकिन इंटरनेट पर इस मुद्दे ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। इसी के बाद अभिजीत दिपके नाम के यूजर ने ‘Cockroach Janata Party’ नाम से सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया, जो कुछ ही दिनों में वायरल ट्रेंड बन गया।
Instagram पर रिकॉर्ड ग्रोथ
CJP का सबसे बड़ा असर Instagram पर देखने को मिला। पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट ने बेहद कम समय में 1.35 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल कर लिए। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी तुलना कई राष्ट्रीय राजनीतिक दलों और बड़े नेताओं के आधिकारिक अकाउंट्स से करनी शुरू कर दी। यही वजह रही कि यह डिजिटल मूवमेंट इंटरनेट पर लगातार ट्रेंड करता रहा।
नया अकाउंट बनाकर फिर किया तंज
X पर ब्लॉक होने के बाद संगठन ने नया अकाउंट लॉन्च किया। नए हैंडल से किए गए पोस्ट में व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा गया कि ‘जैसा उम्मीद था, वापसी तो होनी ही थी।‘ इसके बाद कई मीम्स, रिएक्शन पोस्ट और यूजर कमेंट्स तेजी से वायरल होने लगे। इंटरनेट पर #CJP और #CockroachJanataParty फिर से ट्रेंड करने लगे।

