भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। मध्य प्रदेश सरकार की सिफारिश के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। जानकारी के मुताबिक भोपाल सरकार का प्रस्ताव CBI मुख्यालय, नई दिल्ली में प्राप्त होने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम के तहत की गई है।
अब इस मामले की जांच CBI शुरुआत से करेगी। भोपाल के कटारा हिल्स थाना में दर्ज दहेज हत्या की एफआईआर को CBI दोबारा रजिस्टर्ड करेगी और उसी आधार पर आगे की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत केस दर्ज है।
सूत्रों के अनुसार, CBI जल्द ही मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन करेगी। इस टीम में दिल्ली और मध्य प्रदेश यूनिट के CBI अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। जांच टीम CBI के डीआईजी के नेतृत्व में काम करेगी, जिसमें एक एसपी स्तर के अधिकारी और कई इंस्पेक्टर शामिल होंगे। SIT घटनास्थल की दोबारा जांच करेगी, पीड़िता के परिजनों और फरार चल रहे आरोपी पति के परिवार के बयान दर्ज करेगी तथा सभी तकनीकी और फोरेंसिक पहलुओं की भी जांच करेगी।
वहीं ट्विशा के परिवार ने इस मामले को दहेज हत्या बताते हुए भोपाल पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं दूसरी ओर, ट्विशा के पति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर आज सुनवाई होने की संभावना है। मामले को लेकर प्रदेशभर में लगातार चर्चा बनी हुई है और अब सभी की नजरें CBI जांच पर टिकी हुई हैं।

