भोपाल। मप्र में पुलिस प्रशासन में एक और बड़े फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार जून माह में सात से आठ जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर सकती है। यह बदलाव केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पुलिस मुख्यालय, आईजी रेंज और एडीजी-विशेष डीजी स्तर तक असर दिखेगा।
राज्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक जिन अधिकारियों ने किसी जिले में दो वर्ष या उससे अधिक समय पूरा कर लिया है, उन्हें बदले जाने की संभावना सबसे अधिक है। सरकार आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक ढांचे को नए सिरे से व्यवस्थित करने में जुटी है। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों को हटाने की रणनीति पर काम चल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले 3 मई को राज्य सरकार ने 62 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए थे, जिनमें 24 जिलों के एसपी शामिल थे। अब प्रस्तावित बदलावों के बाद प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में नए पुलिस कप्तान जिम्मेदारी संभालते नजर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि उज्जैन सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए इसके बाद लंबे समय तक बड़े बदलाव नहीं होंगे।
प्रमोद वर्मा को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
संभावित फेरबदल में जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा की भूमिका भी बदल सकती है। जनवरी 2026 में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। उनकी जगह जबलपुर जोन में किसी दूसरे वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती हो सकती है। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी चुनावी और कानून-व्यवस्था संबंधी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

