नई दिल्ली। देश में रोजगार और स्किल डेवलपमेंट को लेकर केंद्र सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के जरिए देशभर के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं को सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत 2047’ मिशन का अहम भागीदार बताया।
दुनिया भारत के युवाओं को लेकर एक्साइटेड
बता दें अपने संबोधन में पीएम मोदी ने हाल ही में पूरी हुई पांच देशों की विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया अब भारत को सिर्फ एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि ग्लोबल टैलेंट हब के रूप में देख रही है। उन्होंने बताया कि विदेशी कंपनियों और वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं से बातचीत के दौरान हर जगह भारतीय युवाओं की प्रतिभा, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के युवाओं को लेकर दुनिया में भरोसा बढ़ा है और ग्लोबल कंपनियां भारत की ग्रोथ स्टोरी का हिस्सा बनना चाहती हैं।
हर सेक्टर में युवाओं की एंट्री
वहीं रोजगार मेले के तहत चयनित युवाओं को रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन और विभिन्न मंत्रालयों में नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार का दावा है कि आने वाले वर्षों में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और टेक्नोलॉजी सेक्टर में निवेश के जरिए लाखों नए रोजगार तैयार होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार केवल नौकरियां देने पर नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करने पर भी काम कर रही है।
सेमीकंडक्टर और एविएशन सेक्टर में बड़ा निवेश
पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश में 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट्स तैयार की जा रही हैं, जो आने वाले समय में ग्लोबल सप्लाई चेन का हिस्सा बनेंगी।
इसके अलावा एविएशन सेक्टर में MRO (Maintenance, Repair and Overhaul) सुविधाओं के विस्तार और शिपबिल्डिंग सेक्टर में करीब 75 हजार करोड़ रुपए के निवेश का भी जिक्र किया गया। सरकार का मानना है कि इससे युवाओं के लिए हाई-स्किल जॉब्स के नए अवसर खुलेंगे।
ग्लोबल एक्सपोजर पर सरकार का फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया के कई देशों के साथ स्किल पार्टनरशिप मॉडल पर काम कर रहा है, ताकि भारतीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और अनुभव दोनों मिल सकें। उनका कहना था कि आने वाले समय में भारतीय प्रोफेशनल्स की ग्लोबल डिमांड और तेजी से बढ़ेगी।
विकसित भारत मिशन में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवा मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं से ईमानदारी, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

