भोपाल। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मप्र भाजपा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ थीम पर आधारित यह अभियान 5 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में आयोजित होगा। भाजपा ने इस बार खास फोकस समाज के प्रभावशाली और प्रबुद्ध वर्ग पर रखा है। पार्टी ने हर जिले में कम से कम 500 ओपिनियन मेकर्स तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत सांसद अपनी लोकसभा की प्रत्येक विधानसभा में और विधायक अपने क्षेत्र के हर मंडल में प्रवास कर सीधे संवाद करेंगे।
अभियान के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखा जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों को भी व्यापारियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के जरिए बड़े स्तर पर पौधरोपण भी करेगी। स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों को इससे जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही ‘प्रगति पथ यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित कर विकास योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। अभियान के अंतिम चरण में स्वच्छता और पर्यावरण पर भी जोर रहेगा। मंडल स्तर पर प्लास्टिक कचरा हटाने और साफ-सफाई के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविरों के जरिए अभियान का समापन होगा।
उपलब्धियों की प्रदर्शनी एवं सभागार बैठकें
15 जून से 18 जून के बीच प्रत्येक जिले में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित 3 दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, वीडियो रिकॉर्डिंग और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही जिलों में प्रबुद्धजन और व्यापारी वर्ग की व्यापक उपस्थिति वाली सभागार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं
19 जून से 20 जून तक किसानों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक जिले में दो स्थानों पर प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में विशेषज्ञों और अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रत्यक्ष प्रदर्शन और व्याख्यान दिए जाएंगे।

