भोपाल। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। भर्ती परीक्षा भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के अनुसार, ज्वाइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट पर पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के अभ्यर्थियों का ऑनलाइन टाइपिंग टेस्ट भी परीक्षा केंद्र पर ही लिया जाएगा।
अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। भोपाल में परीक्षा के लिए आईओएन डिजिटल जोन, कोकता बाईपास रायसेन रोड तथा आईओएन डिजिटल जोन, आरजीपीवीएम सांखेड़ी कोलार रोड को केंद्र बनाया गया है।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ लाने की सलाह दी है। किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के दूरभाष नंबर 0755-2540954 और 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता के आधार पर किया जाएगा ।अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

