भोपाल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून 2026 सत्रांत परीक्षाएं 1 जून से शुरू होकर 21 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। स्नातक, परास्नातक, प्रमाणपत्र, डिप्लोमा और स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की ये परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. उमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि भोपाल क्षेत्र के अंतर्गत 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 6 हजार परीक्षार्थी विश्वविद्यालय के 310 पाठ्यक्रमों के 1800 से अधिक विषयों की परीक्षाओं में शामिल होंगे।
विशेष बात यह है कि उज्जैन, नर्मदापुरम, इंदौर और भोपाल केंद्रीय जेल में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि बंदी विद्यार्थी भी शिक्षा से जुड़े रह सकें और परीक्षा दे सकें। भोपाल में मोतीलाल नेहरू विज्ञान महाविद्यालय और कैरियर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं इंदौर में तीन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा ग्वालियर, मंदसौर, झाबुआ, शिवपुरी, महू, खंडवा और नर्मदापुरम में भी परीक्षाएं आयोजित होंगी।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर विश्वविद्यालय का परिचय पत्र और प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। उत्तर पुस्तिका में नामांकन क्रमांक और परीक्षा केंद्र कोड सही भरने के निर्देश भी दिए गए हैं, क्योंकि गलत जानकारी से परिणाम प्रभावित हो सकता है।
दिव्यांगों को मिलेगा लेखक और अतिरिक्त समय
दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमानुसार लेखक और अतिरिक्त समय की सुविधा मिलेगी। वहीं एमए ज्योतिष पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए पंचांग और गणक यंत्र लाना अनिवार्य किया गया है।

