नई दिल्ली। भारत ने वियतनाम को अपनी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ‘ब्रह्मोस’ देने के लिए 60 अरब रुपये का बड़ा रक्षा समझौता किया है। इस सौदे की पुष्टि पहली बार रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सार्वजनिक रूप से सिंगापुर में आयोजित शांगरी-ला डायलॉग के दौरान की।
यह डील वियतनाम को ब्रह्मोस मिसाइल देने वाला तीसरा मौका है। इससे पहले फिलीपींस और इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस खरीद चुके हैं, जबकि इंडोनेशिया के साथ भी इसी तरह का समझौता अंतिम चरण में है। रक्षा सचिव ने वियतनामी प्रतिनिधि के सवाल के जवाब में कहा कि भारत और वियतनाम के बीच ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर हस्ताक्षर पहले ही हो चुके हैं। यह पहली बार है जब भारत सरकार के शीर्ष अधिकारी ने सार्वजनिक मंच से इस डील की पुष्टि की है।
रणनीतिक साझेदारी और व्यापार लक्ष्य
हाल ही में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने 13 प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा, 2030 तक आपसी व्यापार को 25 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है।
एशिया-प्रशांत में सामरिक संतुलन
विशेषज्ञों के अनुसार, वियतनाम को ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइल मिलने से उसकी रक्षा क्षमताओं में बढ़ोतरी होगी और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक समीकरण बदल सकते हैं। चीन के साथ क्षेत्रीय तनाव के बीच यह सौदा वियतनाम की सुरक्षा को मजबूत करेगा। भारत के लिए यह डील रक्षा निर्यात में भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि ब्रह्मोस मिसाइल विश्वसनीय और अत्याधुनिक हथियार प्रणाली के रूप में मान्यता रखती है।

