Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsSIR में वोटर लिस्ट से नाम कटने पर न घबराएं, फॉर्म-6 भरकर...

SIR में वोटर लिस्ट से नाम कटने पर न घबराएं, फॉर्म-6 भरकर दोबारा जुड़वा सकेंगे नाम; आयोग ने दी बड़ी राहत

नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से नाम कट जाने पर अब घबराने की जरूरत नहीं है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के नाम पहले की वोटर लिस्ट में दर्ज थे, लेकिन SIR के दौरान जारी मसौदा वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो सके हैं, वे फॉर्म-6 भरकर दोबारा अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए आवेदन करने पर उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में यह स्पष्टीकरण दिया है।

दरअसल, कई लोगों को आशंका थी कि पहले से वोटर के रूप में पंजीकृत होने के बावजूद SIR के बाद नाम कटने पर दोबारा फॉर्म-6 भरना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। उन्हें जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई का डर था। चुनाव आयोग ने इस आशंका को दूर करते हुए कहा है कि केवल दोबारा फॉर्म-6 भरने के आधार पर किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी।

फॉर्म-6 भरने के लिए ये शर्तें जरूरी

आयोग ने हालांकि दोबारा आवेदन के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं। संबंधित व्यक्ति का नाम किसी दूसरे संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं होना चाहिए। इसी तरह उसका पंजीकरण किसी अन्य विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में भी नहीं होना चाहिए। फॉर्म-6 के साथ जमा किया जाने वाला घोषणा-पत्र भी कानून के प्रावधानों के अनुरूप होना जरूरी है।

छूटे हुए वोटर्स के लिए आयोग ने बनाई व्यवस्था

चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट से बाहर रह गए ASDD यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लिकेट श्रेणी के वोटर्स को दोबारा जोड़ने के लिए भी व्यवस्था की है। आयोग ने बताया कि 6 नवंबर 2026 को इस संबंध में उन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं, जहां SIR की प्रक्रिया चल रही है।

इसके तहत वोटर्स को अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान के आधार पर एन्यूमरेशन फॉर्म (अनुबंध-ए) भरने की अनुमति दी गई है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध

आयोग के अनुसार, जो वोटर्स कहीं दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं हुए हैं, वे हस्ताक्षर किया हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके साथ अनुबंध-बी में यह भी बताना होगा कि उन्होंने पहले एन्यूमरेशन फॉर्म क्यों जमा नहीं किया था।

फॉर्म संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ARO) या बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) को दिया जा सकता है। वोटर स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी इसे जमा करा सकते हैं। इसके अलावा ECINET पोर्टल पर ई-साइन के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

हर पात्र वोटर को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका

चुनाव आयोग ने कहा है कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे कोई भी पात्र वोटर अंतिम वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के अवसर से वंचित न रहे। साथ ही एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज होने से रोकने के लिए भी जरूरी जांच की जाएगी। आयोग का जोर पात्र वोटर्स को सूची में शामिल करने और दोहरे पंजीकरण को रोकने पर है।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन