Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news'कॉकरोच जनता पार्टी' का जंतर-मंतर मार्च, संस्थापक अभिजीत दीपके पहुंचे दिल्ली

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जंतर-मंतर मार्च, संस्थापक अभिजीत दीपके पहुंचे दिल्ली

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर व्यंग्य और मीम अभियान के रूप में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब वास्तविक धरातल पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश में जुट गई है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंच गए, जहां जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने लोगों से तिरंगा, किताबें और फूल साथ लाने की अपील की तथा पुलिसकर्मियों को फूल भेंट कर सम्मान जताने का संदेश भी दिया।

समर्थकों की जुटने लगी भीड़

जानकारी अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई है। सुबह से ही जंतर-मंतर पर युवाओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों के पत्रकार भी घटनाक्रम को कवर करने के लिए मौके पर मौजूद रहे।

प्रदर्शन को मिली प्रशासनिक अनुमति

सीजेपी से जुड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘कॉकरोच इज़ बैक’ ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। इसके बाद संगठन ने अपने समर्थकों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का आह्वान किया। संगठन की ओर से जारी संदेश में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई गई और इसे आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।

सोशल मीडिया अभियान से बना जन आंदोलन?

बता दें कुछ समय पहले तक केवल इंटरनेट और सोशल मीडिया तक सीमित दिखाई देने वाला यह अभियान अब वास्तविक प्रदर्शन में बदलता नजर आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शनिवार को प्रदर्शन में शामिल होने वाली भीड़ इस अभियान की वास्तविक ताकत का संकेत दे सकती है। किसी भी आंदोलन की गंभीरता का आकलन उसके जनसमर्थन और संगठनात्मक क्षमता से होता है। ऐसे में जंतर-मंतर पर जुटने वाली भीड़ और आंदोलन की दिशा आने वाले दिनों में इसकी राजनीतिक प्रासंगिकता तय कर सकती है।

समर्थकों से की गई विशेष अपील

वहीं आयोजकों ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने, शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की उग्र गतिविधि से दूर रहने की अपील की है। समर्थकों से तिरंगा, संविधान और अन्य पुस्तकों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया गया है। संगठन का दावा है कि उनका उद्देश्य शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है तथा लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है।

कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन सोशल मीडिया से निकलकर राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आंदोलन को कितना जनसमर्थन मिलता है और इसका आगे का स्वरूप क्या होगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन