शिवपुरी। जिले के खोड़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत चंदावली गांव में एकतरफा प्यार में सनकी युवक द्वारा नाबालिग पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। युवक ने पहले नाबालिग पर कुल्हाड़ी से हमला किया और जब वह जान बचाने के लिए घर की छत पर पहुंची तो आरोपी ने उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर छत से लटका दिया। इसके बाद उसे नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
घर में अकेली थी नाबालिग
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब नाबालिग घर में अकेली थी और परिवार के सदस्य खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी धर्मेंद्र परिहार अपने कुछ साथियों और परिजनों के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि उसने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल युवती किसी तरह जान बचाने के लिए छत पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी उसके पीछे पहुंच गया।
आरोपी ने नाबालिग के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसे छत से लटका दिया और बाद में नीचे फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी
बता दें पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों और परिजनों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

