ई-प्रवेश 2026-27 की द्वितीय चरण सूची जारी, 13 जून तक जमा करना होगा प्रवेश शुल्क
भोपाल। प्रदेश के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चल रही प्रवेश प्रक्रिया के तहत उच्च शिक्षा विभाग ने ई-प्रवेश के द्वितीय चरण की आवंटन सूची जारी कर दी है। इस चरण में 1 लाख 25 हजार 917 विद्यार्थियों को स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए महाविद्यालय आवंटित किए गए हैं।
जारी आंकड़ों के अनुसार, स्नातक स्तर पर 93 हजार 546 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 32 हजार 371 विद्यार्थियों को विभिन्न महाविद्यालयों में सीटें आवंटित की गई हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि द्वितीय चरण में कॉलेज आवंटित विद्यार्थियों को 7 जून से 13 जून 2026 के बीच निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा में शुल्क जमा नहीं करने पर आवंटित सीट स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करें। साथ ही आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए ई-प्रवेश पोर्टल का नियमित अवलोकन करते रहें।

