श्रीलंका। आईपीएल 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को इंडिया-A के लिए मैदान संभाला। श्रीलंका-A के खिलाफ दांबुला में खेले जा रहे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनका सफर सिर्फ 14 रन पर थम गया। हालांकि अपनी छोटी पारी में उन्होंने तीन आकर्षक चौके लगाकर अपने इरादे जरूर जाहिर कर दिए।
दूसरे ओवर में दिखाया आक्रामक अंदाज
बता दें वैभव ने पारी की शुरुआत बेहद आत्मविश्वास के साथ की। दूसरे ओवर में उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद शिराज की गेंदों पर दो शानदार चौके जड़कर दर्शकों का ध्यान खींचा। लेकिन बड़ी पारी खेलने की उम्मीदों के बीच शिराज ने ही उन्हें आउट कर श्रीलंका को अहम सफलता दिलाई।
IPL 2026 के सबसे बड़े स्टार बने वैभव
जानकारी अनुसार, महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में इतिहास रच दिया था। उन्होंने पूरे सीजन में सर्वाधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके अलावा मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कई बड़े पुरस्कार भी जीते। उनका 36 गेंदों में लगाया गया शतक पूरे सीजन की सबसे चर्चित पारियों में शामिल रहा।
रिकॉर्ड्स की मशीन बन चुके हैं वैभव
वैभव का क्रिकेट सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। सिर्फ 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी डेब्यू करने वाले इस युवा बल्लेबाज ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 टेस्ट में 58 गेंदों पर शतक जड़कर उन्होंने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था। वहीं लिस्ट-A क्रिकेट में उनका स्ट्राइक रेट 164.95 और सर्वोच्च स्कोर 190 रन रहा है।
सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चयन
वहीं आईपीएल और जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला। वैभव 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
एशिया कप में मचाया था धमाल
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 टी-20 टूर्नामेंट में वैभव ने 243.87 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 144 रन की तूफानी पारी खेली और 22 छक्के जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का परिचय दिया।
हालांकि श्रीलंका-A के खिलाफ उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चली, लेकिन क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय क्रिकेट का यह युवा सितारा आने वाले वर्षों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है।

