Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदेशभक्ति, अनुशासन और सेवा का संकल्प: इंदौर में 983 नव आरक्षक मध्यप्रदेश...

देशभक्ति, अनुशासन और सेवा का संकल्प: इंदौर में 983 नव आरक्षक मध्यप्रदेश पुलिस में हुए शामिल

इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) इंदौर में मंगलवार को 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। देशभक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास से ओतप्रोत इस समारोह में 983 नव आरक्षक विधिवत रूप से मध्यप्रदेश पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए। इनमें 787 महिला एवं 196 पुरुष आरक्षक शामिल हैं। मध्यप्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी ली और खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।

करीब एक वर्ष के कठिन एवं बहुआयामी प्रशिक्षण के बाद नव आरक्षकों ने शानदार दीक्षांत परेड के माध्यम से अपनी दक्षता, अनुशासन और सेवा भावना का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति उसके अधिकार या हथियार नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है। उन्होंने नव आरक्षकों से संवेदनशील, तकनीकी रूप से दक्ष और जनोन्मुखी पुलिसकर्मी बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। साइबर अपराध, डिजिटल धोखाधड़ी और तकनीक आधारित अपराधों से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को निरंतर सीखते रहना होगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डाटा एनालिटिक्स और डिजिटल फॉरेंसिक जैसे क्षेत्रों में दक्षता समय की आवश्यकता है।

डीजीपी ने कहा कि वर्दी केवल शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। समाज पुलिसकर्मी को उसके व्यवहार और चरित्र से पहचानता है। उन्होंने नव आरक्षकों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट आचरण को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाने की सलाह दी।

समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षुओं के अभिभावक और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक पीटीसी इंदौर वाहनी सिंह ने बताया कि संस्थान को बीपीआरएंडडी द्वारा दो बार देश के सर्वश्रेष्ठ आरक्षक प्रशिक्षण संस्थान का सम्मान मिल चुका है। यहां अब तक 27 हजार से अधिक आरक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

समारोह से पूर्व आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रशिक्षुओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित प्रेरक नाट्य प्रस्तुति और रंगारंग कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया। इस दौरान डीजीपी ने संस्थान की स्मारिका ‘सांदीपनि स्मृति’ का विमोचन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं और अधिकारियों को सम्मानित किया। दीक्षांत परेड के बाद आयोजित ‘आरोहण’ कार्यक्रम में नव आरक्षकों के साहस, टीम भावना और समन्वय ने उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन