भोपाल। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार, निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं राज्यसभा की तीनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद उन्हें जीत का प्रमाण-पत्र भी सौंप दिया गया है।
एक ओर भाजपा इस जीत को अपनी राजनीतिक सफलता बताकर जश्न मना रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए इसकी निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाए हैं।
दिग्विजय का आरोप- सब मिलीभगत का नतीजा
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने और मामले में न्यायिक प्रक्रिया को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से आशंका थी कि इस तरह की स्थिति पैदा की जाएगी। सिंह ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कई संस्थाओं की भूमिका संदिग्ध दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि जब सर्वोच्च न्यायालय को यह जानकारी थी कि याचिका पर समय रहते सुनवाई नहीं होने से मामला प्रभावित हो सकता है, तो तत्काल सुनवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को “मिलीभगत” का परिणाम बताते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी गांधीवादी छवि की नेता को गलत तरीके से विवादों में घसीटा जा रहा है।
कमलनाथ ने संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठाए प्रश्न
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मामले को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाएं अपने दायित्वों का निष्पक्ष निर्वहन करने के बजाय सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करती दिखाई दे रही हैं। कमलनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता आवश्यक है, लेकिन मौजूदा घटनाक्रम चिंताजनक संकेत दे रहा है।
भाजपा ने दर्ज की निर्विरोध जीत
राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। हालांकि कांग्रेस इस परिणाम को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण को राजनीतिक और कानूनी स्तर पर आगे बढ़ाने की बात कह रही है। राज्यसभा चुनाव का यह विवाद अब नया सियासी मुद्दा बनता नजर आ रहा है, जिसके असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकते हैं।

