Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकांग्रेस महिलाओं के हितों की नहीं, विरोध की राजनीति करती है- कृष्णा...

कांग्रेस महिलाओं के हितों की नहीं, विरोध की राजनीति करती है- कृष्णा गौर

भोपाल। मप्र की मोहन सरकार में मंत्री कृष्णा गौर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना भाजपा की वजह से नहीं, बल्कि कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता और उसके नेताओं की साजिश का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल ‘नारी सम्मान’ का नारा देती है, जबकि उसका वास्तविक आचरण महिलाओं के प्रति हमेशा विरोधी रहा है।

कृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जानबूझकर मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई, जिसके कारण उनका नामांकन निरस्त हुआ। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेता नहीं चाहते थे कि एक महिला राज्यसभा पहुंचे, इसलिए सुनियोजित तरीके से तथ्यों को छिपाकर उनका नामांकन रद्द कराने की स्थिति बनाई गई।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना की एक महिला कार्यकर्ता ने कांग्रेस के एक नेता पर शोषण, ब्लैकमेल और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उस महिला ने अपनी शिकायत मीनाक्षी नटराजन तक भी पहुंचाई थी, लेकिन आरोपों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मामला न्यायालय पहुंचा और अदालत ने मीनाक्षी नटराजन को भी समन जारी किया। कृष्णा गौर के अनुसार, इसी प्रकरण से जुड़ी जानकारी को राज्यसभा नामांकन के दौरान शपथ-पत्र में उजागर नहीं किया गया, जिसके चलते नामांकन निरस्त हुआ।

साथ ही मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने दो महिलाओं के साथ अन्याय किया है। एक ओर तेलंगाना की महिला कार्यकर्ता को न्याय नहीं मिला, वहीं दूसरी ओर मीनाक्षी नटराजन स्वयं अपनी ही पार्टी के नेताओं की राजनीतिक साजिश का शिकार बन गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस पूरे मामले को महिला सम्मान का मुद्दा बनाकर भाजपा और मध्यप्रदेश की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

कृष्णा गौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा संवैधानिक और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का सम्मान करती आई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए नारी शक्ति वंदन कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना केवल एक चुनावी घटना नहीं, बल्कि कांग्रेस के दोहरे चरित्र, आंतरिक कलह और महिला सम्मान के प्रति उसके वास्तविक दृष्टिकोण को उजागर करने वाला मामला है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन