कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर एक स्लीपर बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई।
जानकारी अनुसार, हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हुई है और उसके हाथ में गहरी चोट आई है।
स्थानीय लोगों ने बचाई कई यात्रियों की जान
बता दें दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस भी राहत और बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को खिड़कियां और इमरजेंसी एग्जिट तोड़कर सुरक्षित निकाला गया।
गंभीर घायलों को पूर्णिया रेफर
सूत्रों के मुताबिक, सभी घायलों को तत्काल कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 12 गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया। कार चालक भी हादसे में घायल हुआ है। उसे भी प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया भेजा गया। बाकी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बस के रूट को लेकर सामने आई अलग-अलग जानकारी
हादसे के बाद बस की यात्रा को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी में बस के गेड़ाबाड़ी से पूर्णिया जाने की बात कही गई, जबकि कई यात्रियों ने बताया कि बस नालंदा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी। पुलिस अब बस के वास्तविक रूट, वाहन दस्तावेज और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
जेसीबी से हटाई गई बस
वहीं दुर्घटना के बाद पलटी हुई बस सड़क के बीचों-बीच फंस गई, जिससे NH-31 पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। स्थिति को सामान्य बनाने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से बस को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।
हादसे की वजह की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग की टीम तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

