ग्वालियर। ग्वालियर के तिघरा डेम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) के आठ छात्र घूमने के लिए तिघरा डेम पहुंचे थे, जहां गहरे पानी में डूबने से दो मेडिकल छात्र हादसे का शिकार हो गए। इनमें से एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र की तलाश अभी भी जारी है।
बीना निवासी छात्र गोपाल अग्रवाल की मौत
जानकारी अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले छात्र की पहचान गोपाल अग्रवाल निवासी बीना (सागर) के रूप में हुई है। SDRF की टीम ने देर रात काफी मशक्कत के बाद गोपाल का शव डेम से बाहर निकाला। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद तिघरा थाना पुलिस ने पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी। इसके बाद परिजन एंबुलेंस के माध्यम से गोपाल की पार्थिव देह को उनके गृह नगर बीना लेकर रवाना हुए।
पोस्टमार्टम हाउस परिसर में बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र और सहपाठी मौजूद रहे। अपने साथी को खोने के दुख में कई छात्र भावुक हो गए और रोते हुए उसे अंतिम श्रद्धांजलि दी। कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है। सहपाठियों ने नम आंखों से दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बिहार निवासी छात्र आयुष श्रीवास्तव अब भी लापता
बता दें हादसे में दूसरा छात्र आयुष श्रीवास्तव, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), अब भी लापता है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र अचानक पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में गिर गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई थी। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान रोकना पड़ा।
सभी छात्र MBBS सेकेंड ईयर के थे
तिघरा डेम घूमने पहुंचे सभी आठ छात्र GR मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में MBBS सेकेंड ईयर के विद्यार्थी हैं। छुट्टी के दौरान दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे छात्रों के लिए यह ट्रिप दर्दनाक साबित हुई।
वहीं GR मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि कॉलेज परिवार इस दुख की घड़ी में छात्रों और उनके परिजनों के साथ खड़ा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
तिघरा थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। विवेचना अधिकारी गौतम सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

