ई-प्रवेश के दूसरे चरण में 86 हजार से ज्यादा छात्रों ने लिया दाखिला
भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग की ई-प्रवेश प्रक्रिया के तहत अब तक प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में 1 लाख 82 हजार 473 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है। दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दिन 13 जून तक यह आंकड़ा दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 86 हजार 679 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें 64 हजार 535 छात्र-छात्राओं ने स्नातक (यूजी) और 22 हजार 141 विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है। इससे पहले प्रथम चरण में 72 हजार 477 विद्यार्थियों ने स्नातक और 17 हजार 463 विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त किया था। अब तक कुल प्रवेशित विद्यार्थियों में 1 लाख 37 हजार 12 विद्यार्थी स्नातक पाठ्यक्रमों, 39 हजार 607 विद्यार्थी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों तथा 5 हजार 854 विद्यार्थी एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले चुके हैं। यह आंकड़े प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि एनसीटीई पाठ्यक्रमों के प्रथम चरण में सीट आवंटित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून निर्धारित की गई है। विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के लिए पंजीयन जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 20 जून तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे।
इसके बाद 23 जून को महाविद्यालय आवंटन किया जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों को 30 जून तक प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश की पुष्टि करनी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और छात्र हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।

