Monday, June 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई के रडार पर भोपाल पुलिस, जेल में...

ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई के रडार पर भोपाल पुलिस, जेल में पूर्व जज गिरीबाला की सुरक्षा बढ़ी

12 मई को हुई थी ट्विशा शर्मा की मौत, अब शुरुआती जांच में लापरवाही की पड़ताल

भोपाल। 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई मॉडल एवं अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। अब इस बहुचर्चित प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नजर भोपाल पुलिस की शुरुआती जांच और कथित लापरवाही पर भी टिक गई है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी जल्द ही मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर सकती है।

मामले में शुरुआत से ही जांच की निष्पक्षता और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों में लगातार जांच संबंधी खामियों के आरोप सामने आते रहे, लेकिन अब तक किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ बड़ी विभागीय कार्रवाई नहीं होने से सवाल और गहरे हो गए हैं। हाल ही में शुरुआती जांच में लापरवाही को लेकर एक पुलिस अधिकारी पर जुर्माना लगाए जाने की घटना ने भी इस मामले को नई चर्चा दे दी है।

सूत्रों का दावा है कि सीबीआई यह जानने का प्रयास कर रही है कि शुरुआती स्तर पर किन तथ्यों को नजरअंदाज किया गया और क्या किसी स्तर पर जांच को प्रभावित करने की कोशिश हुई थी। इसी कड़ी में पुलिस अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं। दूसरी ओर, मामले में गिरफ्तार पूर्व जिला न्यायाधीश गिरीबाला सिंह की सुरक्षा को लेकर भी जेल प्रशासन सतर्क हो गया है। जेल प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा उनकी बैरक पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सीबीआई की जांच पुलिस की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अहम पहलुओं से पर्दा उठा सकती है।

क्या है ट्विशा शर्मा मामला?

नोएडा निवासी मॉडल एवं अभिनेत्री ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 को भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं।ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। परिजनों ने पति, ससुराल पक्ष और पूर्व जज गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना एवं उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ा, जिसके बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई। सीबीआई ने जांच के दौरान पूर्व जज गिरीबाला सिंह को गिरफ्तार किया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

जेल में खतरे में गिरीबाला की जान ?

जेल सूत्रों के अनुसार पूर्व जज गिरीबाला सिंह के साथ उसी जेल में कई ऐसे बंदी भी निरुद्ध हैं, जिन्हें उन्होंने अपने न्यायिक कार्यकाल के दौरान विभिन्न मामलों में सजा सुनाई थी। बताया जा रहा है कि ऐसे करीब 29 बंदी वर्तमान में उसी जेल परिसर में मौजूद हैं। इसी वजह से उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

जेल प्रशासन ने गिरीबाला की बैरक के आसपास अतिरिक्त प्रहरी तैनात किए हैं। बैरक की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई गई है तथा गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। हालांकि जेल प्रबंधन का दावा है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और किसी भी प्रकार के खतरे की आशंका से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 14 to 20 june 2026
Bhopal- 31 to 6 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन