बालाघाट। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे द्वारा राजा भोज को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में पवार समाज ने गुरुवार 18 जून को नगर मुख्यालय में विशाल बैठक आयोजित करने के बाद आक्रोश रैली निकाली। रैली पूर्व सांसद कंकर मुंजारे के गोंदिया रोड स्थित निवास तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी निर्मित हो गई, जब पूर्व सांसद कंकर मुंजारे अपने निवास से बाहर निकल आए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोक दिया। कुछ देर बाद कंकर मुंजारे अपने घर के अंदर चले गए, लेकिन प्रदर्शनकारी माफी और कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी
घंटों तक प्रदर्शन के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से नाराज पवार समाज के लोग बाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर कंकर मुंजारे के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

बयान पर कोई अफसोस नहीं- कंकर मुंजारे
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कहा कि किसी के भी घर के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी करना गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने बयान पर कोई अफसोस नहीं है।
मुंजारे ने कहा कि उनका उद्देश्य देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के नाम पर ओवरब्रिज का नाम रखने की बात करना था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने राजा भोज के लिए कोई अपमानजनक शब्द का प्रयोग नहीं किया और उन्हें राजा के रूप में पूरा सम्मान दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पवार समाज उनकी बात को गलत तरीके से पेश कर रहा है और इसके पीछे राजनीतिक षड्यंत्र तथा साजिश काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के अनुरोध पर वह अपने घर के अंदर चले गए थे, लेकिन उसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा, जिससे लगता है कि प्रदर्शनकारियों को संरक्षण दिया गया।
वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने कहा कि पवार समाज द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूरा प्रदर्शन सड़क पर हुआ और पुलिस ने किसी भी प्रकार की टकराव की स्थिति नहीं बनने दी। वहीं प्रदर्शन की अनुमति संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी अनुमति एसडीएम कार्यालय से जारी की जाती है।
पवार महासभा ने की माफी की मांग
राष्ट्रीय पवार क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नन्दलाल चौधरी ने कहा कि पूर्व सांसद कंकर मुंजारे द्वारा राजा भोज को लेकर की गई टिप्पणी समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। इसी के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि राजा भोज भारतीय इतिहास के महान शासकों में से एक हैं और उनके कार्य सर्वविदित हैं। ऐसे महापुरुषों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि कंकर मुंजारे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन का बयान
पवार समाज के जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन ने कहा कि कंकर मुंजारे के घर के सामने प्रदर्शन करना आवश्यक था, क्योंकि उन्हें सीधे तरीके से बात समझ नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि कंकर मुंजारे हमेशा दूसरों पर आरोप लगाने की राजनीति करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी महापुरुष, राजा या समाज के आराध्य व्यक्तित्व पर टिप्पणी करेगा तो पवार समाज उसका पुरजोर विरोध करेगा।
कंकर मुंजारे पर FIR दर्ज
विवाद के बाद पुलिस ने पूर्व सांसद कंकर मुंजारे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

