भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कैंसर की दवाओं की कीमतों में कथित रूप से 50 प्रतिशत तक हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगी होती दवाओं और बाजार में जरूरी दवाओं की कमी के कारण कैंसर मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार गंभीर संकट में हैं।
साथ ही उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देकर कैंसर उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक दवाओं की कीमतों में भारी वृद्धि की अनुमति दी गई है। इसके चलते मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना है कि एक कीमोथेरेपी साइकिल का खर्च 2 से 3 हजार रुपये तक बढ़ गया है, जबकि कई मरीजों को 6 से 12 कीमोथेरेपी साइकिल की जरूरत होती है। ऐसे में कुल उपचार लागत 15 से 20 हजार रुपये तक बढ़ सकती है।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी दावा किया कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली कुछ महत्वपूर्ण प्लैटिनम-बेस्ड दवाएं, जैसे सिस्प्लैटिन और कार्बोप्लैटिन, बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए दवाओं की कालाबाजारी पर भी सवाल उठाए।
वहीं सिंघार ने सरकार से मांग की है कि जब तक दवाओं की कीमतों में राहत नहीं मिलती और बाजार में उनकी उपलब्धता सामान्य नहीं होती, तब तक आयुष्मान योजना के तहत कैंसर मरीजों के इलाज की वित्तीय सीमा तत्काल दोगुनी की जाए। उनका कहना है कि किसी भी मरीज का इलाज आर्थिक तंगी या दवाओं की कमी के कारण बीच में नहीं रुकना चाहिए।
उन्होंने सरकार से इस विषय को गंभीर स्वास्थ्य संकट मानते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने और मरीजों को राहत प्रदान करने की अपील की है।

