राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के मनगट्टा स्थित विशालिंगवुड्स रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्य
पुलिस के अनुसार,18 जून को रिसॉर्ट के बाथरूम में युवती का शव मिला था। शव पर खरोंच के निशान और अंदरूनी चोटों के संकेत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ डब्बू और घनश्याम बेलचंदन को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि घटना से पहले युवती अपने परिचितों के साथ रिसॉर्ट पहुंची थी।
रेप और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज
राजनांदगांव के CSP अलेक्जेंडर कीरो ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (बलात्कार), धारा 115(2) (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिसॉर्ट सील, आरोपियों से जारी है पूछताछ
वहीं घटना के बाद पुलिस ने विशालिंगवुड्स रिसॉर्ट को सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का बयान
CSP अलेक्जेंडर कीरो ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

