मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान हुआ था, जबकि 6 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।
घोषित नतीजों के अनुसार भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के गठबंधन महायुति ने राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित कर दी है। हालांकि गठबंधन को नासिक सीट पर अप्रत्याशित झटका लगा, जहां भाजपा के बागी उम्मीदवार गोकुल गीते ने शिवसेना के आधिकारिक प्रत्याशी नरेंद्र दराडे को हराकर जीत दर्ज की।
बता दें इस चुनाव में भाजपा ने 11 सीटों, शिवसेना ने 4 सीटों और एनसीपी ने 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। परिणामों में भाजपा सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी और अधिकांश सीटों पर कब्जा जमाने में सफल रही।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधान परिषद चुनाव में मिली यह बड़ी सफलता महायुति सरकार के लिए आगामी चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश है। वहीं विपक्ष के लिए यह परिणाम संगठनात्मक कमजोरी और जनाधार को मजबूत करने की चुनौती लेकर आया है।
वहीं महाराष्ट्र में पिछले कुछ समय से जारी राजनीतिक हलचलों के बीच आए इन नतीजों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि राज्य की राजनीति में फिलहाल महायुति का प्रभाव बरकरार है। खासकर स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के बीच गठबंधन को मिला व्यापक समर्थन उसके राजनीतिक आधार की मजबूती को दर्शाता है।
महाराष्ट्र विधान परिषद 2026 के विजेताओं की पूरी लिस्ट
- ठाणे – रवींद्र फाटक (शिवसेना) – निर्विरोध
- यवतमाल – दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना) – निर्विरोध
- रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग – अनिकेत तटकरे (NCP) – निर्विरोध
- पुणे – विक्रम काकड़े (NCP) – निर्विरोध
- वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर – अरुण लखानी (BJP) – निर्विरोध
- अहिल्यानगर – प्राजक्त तनपुरे (BJP) – निर्विरोध
- छत्रपति संभाजीनगर-जालना – सुहास शिरसाट (BJP)
- नासिक – गोकुल गीते (इंडिपेंडेंट, BJP बागी)
- भंडारा-गोंदिया – अविनाश ब्रह्मणकर (BJP)
- सांगली-सतारा – धैर्यशील कदम (BJP)
- परभणी-हिंगोली – सईद खान (शिवसेना)
- सोलापुर – राजेंद्र राउत (BJP)
- धाराशिव-लातूर-बीड – बसवराज पाटिल (BJP)
- नागपुर – राजीव पोतदार (BJP)
- जलगांव – नंदकिशोर महाजन (BJP)
- अमरावती – प्रवीण पोटे (BJP)
- नांदेड़ – अमर राजुरकर (BJP)

