सिवनी/नितिन तिवन : लखनादौन नगर परिषद में प्रशासनिक लापरवाही की एक और तस्वीर सामने आई है। इस बार नगर परिषद की तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) गीता वाल्मीकि को अपने ही वार्ड में दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा लेना पड़ा। मामला लखनादौन नगर परिषद के वार्ड नंबर 4 का है, जहां गीता वाल्मीकि का निवास है।
सूत्रों के अनुसार, सीएमओ गीता वाल्मीकि ने पहले नगर परिषद अधिकारियों को मौखिक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः मजबूरन उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। यह घटना स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जिस अधिकारी का काम आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निपटारा करना है, उसी को अपनी मूलभूत समस्या (पेयजल) के समाधान के लिए ऊपरी स्तर का सहारा लेना पड़े, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस मामले ने नगर परिषद की शिकायत निवारण व्यवस्था और जल आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
अब सभी की नजरें जिला प्रशासन और नगर परिषद पर टिकी हैं कि वे इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और वार्ड नंबर 4 के निवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में कितना समय लगाते हैं। यह घटना लखनादौन में पेयजल संकट और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर चल रहे चर्चाओं को और बल देगी।

