ग्वालियर: ग्वालियर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में यूपी एटीएस ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में कई धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इनमें हाईकोर्ट को भेजा गया संदेश भी शामिल बताया जा रहा है। इसी ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि धमकी भरा ई-मेल संदिग्ध ने खुद भेजा था या उसके अकाउंट का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति ने किया।
लैपटॉप में मिले धमकी भरे संदेश
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यूपी एटीएस ने धमकी भरे ई-मेल के मामले में संदिग्ध को पकड़ा है। उसके लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में कई धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती पूछताछ में संदिग्ध ने ई-मेल बेचने की बात कही है। इसके बाद जांच एजेंसियां उसके ई-मेल अकाउंट और नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि हाईकोर्ट को धमकी भेजने में उसकी सीधी भूमिका थी या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके अकाउंट का इस्तेमाल किया।
कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी से उड़ाने की धमकी
दरअसल, ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर पुलिस और भोपाल एसटीएफ सक्रिय हो गई थीं। एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर के साथ जजों के बंगलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।
यह भी पढ़ें: महाकाल मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं से मारपीट, विवाद के बाद उन्हीं पर FIR दर्ज; गार्डों पर उठे सवाल
ग्वालियर पुलिस दर्ज करेगी एफआईआर
यूपी एटीएस की कार्रवाई के बाद ग्वालियर पुलिस ने भी मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी की है। एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक, हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जानी थी।
अब जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने के स्रोत, संदिग्ध के संपर्कों और इस मामले में दूसरे लोगों की भूमिका का पता लगा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाईकोर्ट और कॉन्सर्ट को धमकी देने के पीछे क्या मकसद था और क्या इसके लिए किसी संगठित नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल संदिग्ध की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

