सिवनी/ नितिन तिवन | कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सतत निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार 23 जून को मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से गोपिका मॉल स्थित एप्पल फूड कंसलटेंसी एवं श्री होटल एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों, मसालों एवं खाद्य तेलों की जांच की गई।उपयोग में लाए जा रहे कुकिंग ऑयल की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर एप्पल फूड कंसलटेंसी और श्री होटल एंड रेस्टोरेंट से कुकिंग ऑयल के नमूने विधिवत संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान श्री होटल एंड रेस्टोरेंट में खाद्य लाइसेंस की शर्तों का पूर्ण पालन नहीं पाया गया। इसके चलते प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि श्रीमाया रेस्टोरेंट, सिंह साहब ऑफ द ढाबा एवं हरियाणा मेवात ढाबा पर पूर्व में अधिरोपित अर्थदंड की राशि अब तक जमा नहीं की गई है। संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर शीघ्र अर्थदंड जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत उनके खाद्य लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।

