सिवनी/ नितिन तिवन। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में 28 से 30 जून तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत जिले के 1 लाख 44 हजार 34 बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सीईओ अंजली शाह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलेभर में बनाए गए 1529 पोलियो बूथ
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. धुर्वे ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1529 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर 3405 स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगे।
तीन दिन ऐसे चलेगा अभियान
बता दें इस तीन दिवसीय अभियान में 28 जून को जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को छूटने से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिसमें 40 ट्रांजिट टीमें, 7 मोबाइल टीमें और 240 सुपरवाइजर की टीम रहेंगी। इनकी मदद से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
गुणवत्ता और निगरानी पर रहेगा फोकस
अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमों का गठन किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान की निगरानी करेंगे ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन की अपील
वहीं जिला पंचायत सीईओ अंजली शाह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो रोधी खुराक पिलाकर उन्हें जीवनभर की विकलांगता से सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
क्यों जरूरी है पोलियो की खुराक?
पोलियो एक गंभीर और स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी है। समय पर पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर बच्चों को इस बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सकता है। भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान बेहद महत्वपूर्ण हैं।

