Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग मामले में बड़ा एक्शन, दो शूटर...

गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग मामले में बड़ा एक्शन, दो शूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी के पश्चिम विहार इलाके में एनकाउंटर के बाद पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी 11 जून को गुरु रंधावा के 24 HS Fitness Gym पर हुई फायरिंग के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

पश्चिम विहार में हुई मुठभेड़

बता दें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों शूटर पश्चिमी दिल्ली इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सामने आया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग की साजिश किसने रची थी और इसके पीछे गैंग का क्या मकसद था।

11 जून को हुआ था हमला

गौरतलब है कि 11 जून को पश्चिम विहार स्थित गुरु रंधावा के जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने संयुक्त जांच शुरू की थी।

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

जानकारी अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल केस में पुलिस अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दो शूटरों को पिछले सप्ताह बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया गया था। अब एनकाउंटर के बाद दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और मामले में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

वहीं दिल्ली पुलिस लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। हाल के महीनों में गैंग से जुड़े कई शूटरों और सहयोगियों पर कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन