भोपाल। मप्र के रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सक्रिय आदतन अपराधियों के खिलाफ जीआरपी ने राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत प्रदेशभर के 641 निगरानी बदमाशों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जीआरपी के एडीजी राजा बाबू सिंह ने भोपाल, इंदौर और जबलपुर जोन के पुलिस अधीक्षकों को भेजे वॉइस मैसेज में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एडीजी ने स्पष्ट कहा है कि रेलवे परिसरों में अपराध करने वाले आदतन बदमाशों से सख्ती से निपटा जाए और किसी भी हाल में उन्हें बख्शा न जाए। निर्देशों के बाद तीनों जोन में सक्रिय निगरानी बदमाशों की सूची तैयार कर फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उपलब्ध करा दी गई है।
आंकड़ों के अनुसार भोपाल जोन में 381, जबलपुर जोन में 202 और इंदौर जोन में 58 निगरानी बदमाश चिन्हित किए गए हैं। इन सभी की तस्वीरों और आपराधिक रिकॉर्ड सहित विस्तृत जानकारी थाना प्रभारियों और फील्ड स्टाफ को भेजी गई है, ताकि उनकी पहचान कर लगातार निगरानी रखी जा सके।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में किसी भी चिन्हित बदमाश की मौजूदगी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी क्षेत्र में अपराध होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
इसी अभियान के दौरान जीआरपी इंदौर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर जितेंद्र चावला उर्फ जिजू निवासी नैनीताल (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 16 मार्च को अहमदाबाद-इंदौर शांति एक्सप्रेस के ए-2 कोच में यात्रा कर रही महिला यात्री के बैग से लाखों रुपये के जेवर चोरी किए थे।
मामले की जांच में इंदौर से रतलाम के बीच 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और कर्नाटक समेत सात राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। जांच में उसके खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। जीआरपी अब उसके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है तथा विभिन्न मामलों में मिली जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

